
लोहारका रोड शनिवार को उस वक्त गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा, जब अज्ञात हमलावरों ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू को घेरकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलियों से छलनी संधू को गंभीर हालत में आनन-फानन में निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की लाख कोशिशों के बाद भी उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
वारदात के ठीक बाद का एक बेहद खौफनाक वीडियो सामने आया है, जिसमें मैड संधू सड़क पर खून से लथपथ बेसुध पड़े दिखाई दे रहे हैं। उनके साथी चीख-पुकार के बीच उन्हें सड़क से उठाकर ले जाते दिख रहे हैं, जबकि मौके पर चारों तरफ कारतूस के खाली खोल बिखरे नजर आ रहे हैं। इस खूनी मंजर ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।
3 महीने पहले मिली थी चेतावनी, क्या उसी विवाद की भेंट चढ़े संधू?
इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे एक पुराना विवाद भी रडार पर आ गया है। महज तीन महीने पहले निहंग जत्थेदार मनप्रीत सिंह खालसा के साथ मैड संधू का तीखा विवाद हुआ था। उस दौरान संधू के पहनावे, पुरानी वीडियोज और सोशल मीडिया पोस्ट्स को लेकर कड़ी आपत्ति जताते हुए चेतावनी दी गई थी। हालांकि, संधू ने तब खुद में सुधार करने की बात कही थी, लेकिन अब उनकी हत्या के बाद पुलिस इस पुराने विवाद और रंजिश के एंगल को बेहद गंभीरता से जोड़कर देख रही है।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। ADCP सिटी 2 के मुताबिक, पूरे इलाके के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों को खंगाला जा रहा है और हमलावरों के भागने के रास्तों पर नाकेबंदी कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि हत्यारे चाहे पाताल में भी छिपे हों, जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे।